गुजरात। गुजरात विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा ने अपने 160 उम्मीदवारों की पहली लिस्ट जारी कर दी है। भाजपा ने घाटलोडिया विधानसभा सीट से मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल को उम्मीदवार बनाया है। वहीं, मोरबी सीट से कांतिलाल अमृतिया को टिकट दिया है।
बड़ी बात यह है कि क्रिकेटर रविंद्र जड़ेजा की पत्नी को जामनगर नॉर्थ से टिकट दिया गया है। वहीं, हार्दिक पटेल विरमगाम सीट से पहली बार कोई चुनाव लड़ेंगे। भाजपा की पहली सूची में 14 महिलाओं को टिकट मिला है। 69 सिटिंग विधायकों को टिकट दिया गया है। 99 में से 69 को टिकट मिला है, यानी 30 लोगों का टिकट कट गया है। राजकोट पश्चिम से विजय रूपाणी चुनाव लड़ते थे, उनकी जगह डॉक्टर दर्शिता शाह को टिकट मिला है।